
रांची। राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने एक सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। प्रदेश भाजपा अब चार नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व के विचार के लिए भेजेगी। पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में इन नामों पर चर्चा के बाद घोषणा की जाएगी। पार्टी नेताओं ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और धनबाद के भाजपा नेता नंदलाल अग्रवाल के नाम पर चर्चा हुई है। इसके अलावा भी पार्टी के प्रमुख चेहरों के नाम प्रत्याशी के तौर पर चर्चा में आए हैं। अगले दो दिन में चार नामों की लिस्ट केंद्र को भेज दी जाएगी। भाजपा किसी ऐसे व्यक्ति को प्रत्याशी बनाना चाहती है जिसमें चार विधायकों के प्रबंध की अपनी क्षमता भी हो और सामाजिक समीकरण भी सधता हो। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन 5 और 6 जून को रांची में रहेंगे। प्रत्याशी का नाम घोषित हो जाने के बाद राज्यसभा में उसकी जीत के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष स्थानीय नेताओं के साथ रणनीति भी बनाएंगे।प्रदेश भाजपा की कोर ग्रुप के साथ बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष आने वाले समय में कार्यक्रमों और आंदोलनों की योजना भी बनाएंगे। बंगाल में चुनाव जीतने के बाद केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से झारखंड में संगठन पर फोकस बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ भाजपा के दूसरे वरिष्ठ नेता भी दो दिनों तक रांची में रहेंगे।राज्यसभा चुनाव में एनडीए में शामिल दलों के साथ भाजपा के केंद्रीय नेता सीधे संवाद कर रहे हैं। लोजपा, आजसू और जदयू विधायकों का समर्थन मिलाकर 24 विधायक पार्टी के पास हैं। इनमें किसी तरह की टूट नहीं हो इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर इनके नेताओं से संवाद किया जा रहा है। बाकी के चार विधायकों का प्रबंध करने में भी स्थानीय नेताओं के साथ राष्ट्रीय नेता लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।




