
रामगढ़ । संगठित अपराध के खिलाफ रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत काफी सख्त हैं। उन्होंने राहुल दुबे गैंग के कुख्यात सदस्य दीपक करमाली उर्फ नेपाली को गिरफ्तार कर गैंग को बोरिया-बिस्तर बांधने का संकेत दे दिया है। उनकी टीम ने पतरातू क्षेत्र में औद्योगिक प्लांटों में फायरिंग और बमबाजी कर दहशत फैलाने वाले राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी पतरातु थाने के हेसला निवासी मनपुरण करमाली के पुत्र दीपक करमाली उर्फ नेपाली को शुक्रवार को जेल भेजा गया है।उक्त जानकारी पतरातू एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीसीपीएल कंपनी (रेलवे ओवरब्रिज), ओसम डेयरी प्लांट और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में फायरिंग करवाने वाला राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य पतरातू थाना के उचरिंगा क्षेत्र में देखा गया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उचरिंगा आंगनबाड़ी केंद्र के पास से घेराबंदी कर दीपक करमाली उर्फ नेपाली को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी पिस्टल और एक मोबाइल फोन बरामद किया।गिरफ्तार दीपक करमाली उर्फ नेपाली ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह पहले कुख्यात अमन साव गैंग के लिए काम करता था। लेकिन वर्तमान में वह राहुल दुबे गैंग से जुड़ गया था। पुलिस ने बताया कि दीपक का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पतरातू, बड़कागांव, रामगढ़ थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। छापामारी दल में पतरातू इंस्पेक्टर सत्येन्द्र कुमार सिंह, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी मो अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुअनि शिवा कच्छप, पुअनि संतोष उरांव, सअनि जसीमुद्दीन अंसारी, नागेश्वर विश्वकर्मा, फिरोज सहित सशस्त्र बल शामिल थें।




