
भुरकुंडा (रामगढ़)। सौंदा डी पंचायत बचाओ संघर्ष समिति की बैठक गुरुवार को पंचायत भवन सौंदा डी में हुयी। इसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह पंचायत के मुखिया उपेंद्र शर्मा और संचालन सचिव संजय यादव ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसी भी परिस्थिति में सौंदा डी पंचायत को खाली नहीं किया जाएगा। समिति ने कहा कि पंचायत की आवासीय कॉलोनी को छोड़कर ही खनन कार्य किया जाए। लगातार जारी किए जा रहे नोटिसों का समिति ने कड़ा विरोध करते हुए सीसीएल प्रबंधन से अविलंब नोटिस पर रोक लगाने की मांग की। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि नोटिस वापस नहीं लिया गया तो संघर्ष समिति उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी सीसीएल प्रबंधन की होगी। इसके अलावा बैठक में निर्णय लिया गया कि सौंदा डी के विभिन्न मोहल्लों में बैठक कर लोगों को एकजुट किया जाएगा तथा दीवार लेखन अभियान चलाया जाएगा। समिति के सदस्य राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। भविष्य में महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से विशाल जनसभा आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया, जिसमें सौंदा डी पंचायत से हजारों ग्रामीणों के शामिल होने की बात कही गई। बैठक में पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि डब्लू पांडे, सुशील कुमार सिंह, राजगिरी चौधरी, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिन्हर, संतोष शर्मा, एंजेलिना एक्का, उमेश साव, संजय कुमार, संतोष रजक, संजय कुमार सिंह, विष्णु राम, कौशल सिंह, संजीत चौधरी, प्रवीण नायक, राम पुकार ठाकुर, रामवृक्ष, बालाजी, दीपक कुमार, साहिल, रॉकी, बबलू खान, अरविंद दुबे, उमेश रजक, अरविंद कुमार, राजेश स्वर्णकर सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।




