
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां शीतला माता मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई. इस हादसे में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. वहीं, 6 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. मौके पर पुलिस की टीम पहुंची है. राहत औऱ बचाव कार्य जारी है. यह घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला मंदिर में हुई. यहां हर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से ही मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई थी. इस दौरान भीड़ प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिसके चलते स्थिति धीरे-धीरे अनियंत्रित हो गई. ममता देवी नाम की एक श्रद्धालु ने बताया, “मंगलवार को यहां हमेशा भीड़ रहती है। लोग शीतला माता के दर्शन के लिए आते हैं। हमलोग भी पटना से दर्शन के लिए आए हैं। लेकिन अचानक भगदड़ मच गई, और लोगों की जान चली गई। यह सब कुप्रबंधन की वजह से हुआ… यहां बहुत ज़्यादा भीड़ है। प्रशासन का कोई भी व्यक्ति यहां मौजूद नहीं है।”




