
नई दिल्ली। इंडिया एआई मिशन और इंटेल इंडिया ने नई दिल्ली में इंडिया एआई एम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में शुरू किए गए एआई जिम्मेदारी अभियान के तहत 24 घंटों में सबसे अधिक संकल्प का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया है। इस दौरान 2.5 लाख से अधिक लोगों ने 16-17 फरवरी के बीच नैतिक और जिम्मेदार कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया है।



केन्द्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बुधवार को भारत मंडपम में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी घोषणा के बाद कहा कि यह जिम्मेदार एआईकी दिशा में भारत की प्रगति में बड़ी उपलब्धि है।
वैष्णव ने एआई के जिम्मेदार और नैतिक उपयोग में युवाओं को शामिल करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उनका ही दृष्टिकोण है जिसने हमें कॉलेजों से संपर्क करने, शिक्षकों से बातचीत करने और छात्रों को एआई को समाज की भलाई का एक उपकरण बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के अवसर पर आज भारत मंडपम में पत्रकार वार्ता में आधिकारिक निर्णायक और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि प्रवीण पटेल ने रिकॉर्ड की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक नियमावली के तहत संकल्प लेने को प्रोत्साहित किया गया था। हमने रिकॉर्ड के लिए 5 हजार की सीमा रखी थी लेकिन 24 घंटे में 2,50,946 ने संकल्प लेकर यह रिकॉर्ड बनाया है।
बिहार ने दिखायी तकनीक आधारित शासन की झलक : बिहार ने इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो में तकनीक आधारित शासन का ऐसा मॉडल पेश किया है, जिसने देशभर के नीति-निमार्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में हॉल नंबर-5 के प्रथम तल पर बने बिहार पवेलियन में राज्य निर्वाचन आयोग और गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड ) के बिहार जेननेक्स्ट लैब ने यहां संयुक्त रूप से डिजिटल लोकतंत्र और स्मार्ट शासन की नयी दिशा प्रदर्शित की है।

