
रांची। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल जंगल में रविवार सुबह सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में नक्सली जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया । अपटन पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस मुख्यालय ने नक्सली के मारे जाने की पुष्टि की।



मारा गया नक्सली बोकारो जिले का रहने वाला था. चाईबासा पुलिस के अनुसार सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों ने अचानक पुलिस पर हमला कर दिया। नक्सलियों की गोलीबारी का सुरक्षाबलों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। दोनों ओर से चली गोलीबारी के बीच जवानों का दबाव बढ़ता देख कई नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। हालांकि 10 लाख का इनामी नक्सली अपटन मारा गया।
मुठभेड़ खत्म होने के बाद सुरक्षाबलों के द्वारा जंगली इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सर्च के दौरान जवानों को एक नक्सली का शव मिला, जिसकी पहचान जोनल कमांडर अमित हांसदा के रूप में हुई। हांसदा के पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

