
रांची। रिम्स निदेशक डॉ. राजकुमार को वॉट्सऐप कॉल पर 15 दिनों के अंदर रांची से बाहर करने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने खुद को चंदन कुमार बताते हुए कहा कि वह 15 दिनों के अंदर डॉ. राजकुमार को रांची से बाहर करा देगा। इस मामले में डॉ. राजकुमार ने बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई है।



मिली जानकारी के अनुसार आरोपी चंदन कुमार ने इससे पहले मई महीने में डॉ. राजकुमार से मुलाकात की थी और खुद को रांची के विनायक हास्पिटल का सीईओ बताया था। मुलाकात के दौरान उसने रिम्स में ट्रांसफर-पोस्टिंग से संबंधित कुछ मांगें रखी थीं। मांगें पूरी न होने पर उसने धमकी दी।
डॉ. राजकुमार ने बताया कि धमकी के बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। बरियातू थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है और वॉट्सऐप कॉल के नंबर की जांच कर रही है। साथ ही चंदन को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

