
चतरा। अवैध नशे का काला कारोबार कर रातों-रात अमीर बनने की चाहत रखने वाले ड्रग पैडलरों पर चतरा पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार और उस सिंडिकेट से जुड़े माफियाओं के खिलाफ जिले के नए एसपी सुमित अग्रवाल के सख्त रवैये ने माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर लगभग 68 लाख 17 हजार 350 रुपया नगद समेत करीब 11 करोड़ 50 लाख रुपए का 04 किलो 108 ग्राम ब्राउन शुगर और 13 किलो 956 ग्राम तैयार गीला अफीम बरामद किया है।



इसके साथ ही इस बड़े अवैध काले कारोबार का संचालन करने वाले माफिया जीजा समेत उसके दो तस्कर सालियों को भी दबोचकर सलाखों के पीछे भेज दिया है। साथ ही इस गिरोह में शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करते हुए सिंडिकेट के खात्मे में चतरा पुलिस की टीम जुटी है।
पुलिस ने यह कार्रवाई दो चरणों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की है। जहां से बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम की सफलता से उत्साहित एसपी ने माफियाओं की ओर से अर्जित अवैध संपत्ति को भी जब्त करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अवैध नशे का कारोबार किसी भी सूरत में फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। जो लोग भी इसमें शामिल हैं। उनके विरुद्ध कार्रवाई हर हाल में होगी।
पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र से मिली बड़ी सफलता : एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थ और अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के विरुद्ध बड़ी कारवाई की गई है। 287 ग्राम ब्राउन शुगर, 11 किलो 172 किलोग्राम अफीम और 44 लाख 57 हजार 350 रुपए नकद के साथ जीजा-साली को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव निवासी रौशन कुमार दांगी उर्फ भगीरथ दांगी और उसकी साली राजपुर थाना क्षेत्र के बूढ़ीगढ़ा निवासी रूबी देवी को दबोचा गया है। तस्करों के पास से अफीम, ब्राउन शुगर, नकद के अलावा एक बाइक (जेएच 02 क्यू 8007), एक ब्राउन शुगर बनाने की मशीन, एक मोबाइल व एक अन्य बाइक कि चाभी जब्त किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी राजपुर थाना क्षेत्र से हुई है। इस मामले में गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की भी पहचान पुलिस ने की है। जिसकी गिरफ़्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
दो दिन पहले भी चतरा पुलिस ने मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, अफीम के विरुद्ध बड़ी कारवाई की थी। इस दौरान मिनी ब्राउन शुगर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था। पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली निवासी मधु कुमारी के घर पर छापेमारी कर 3.821 किलोग्राम ब्राउन शुगर, 2.784 किलोग्राम अफीम और 23 लाख 60 हजार 700 रुपये नकद बरामद किया था। साथ ही मौके से महिला तस्कर मधु कुमारी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस टीम ने घर से ब्राउन शुगर, अफीम, कैश के अलावा 1.019 किलो सफेद पाउडर, चार बोतल एसिटल क्लोराइड, नाप-तौल की एक मशीन, 130 ग्राम का रबड़ बंडल और दो मोबाइल भी जब्त किये थे। यह पूरी कार्रवाई सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम की ओर से अंजाम दिया गया था।

