
नई दिल्ली। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पूरे देश में गर्व की भावना भर दी है। इस साहसिक अभियान को सलाम करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सैनिकों के सम्मान में एक देशभक्ति गीत जारी किया है। इसे पार्टी के सांसद और लोकप्रिय गायक मनोज तिवारी ने स्वर दिया है। गाने के बोल हैं: “30 लाख सैनिक के पीछे, 150 करोड़ हिंदुस्तानी, नाप देंगे जब चाहेंगे, दुश्मन में कितना है पानी!”



भाजपा ने इस गीत का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “30 लाख सैनिक के पीछे 150 करोड़ हिंदुस्तानी, नाप देंगे जब चाहेंगे, दुश्मन में कितना है पानी! निशानी देख लो, ये निशानी… कहानी हो गई है, शुरू कहानी! ऑपरेशन सिंदूर जारी है।”
बता दें कि 22 अप्रैल को आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष लोगों पर घातक हमला किया था, जिसमें 26 नागरिकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। हमले के पहले आतंकियों ने धर्म पूछा फिर लोगों को मौत के घाट उतारा। मृतकों में बड़ी संख्या में पर्यटक शामिल थे। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद भारतीय सेना ने आतंकियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत की। सेना की इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसमें मसूद अजहर के जैश-ए-मोहम्मद और हाफिज सईद के जमात-उद-दावा के आतंकी शिविर भी शामिल थे।

