
बाढ़। मोकामा प्रखंड के नौरंगा-जलालपुर गांव में बुधवार को मोकामा के पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह और बदमाश सोनू-मोनू गैंग के बीच जमकर फायरिंग हुई है। इस फायरिंग में मोकामा के पूर्व विधायक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद नौरंगा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सूचना मिलने पर पहुंचे डीएसपी मौके पर कैंप कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सोनू-मोनू गैंग ने गांव के एक परिवार के साथ मारपीट करते हुए घर से बाहर कर ताला जड़ दिया था। इस मामले की सूचना मिलने पर अनंत सिंह गैंगस्टर के घर आ धमके। अनंत सिंह को घर पर देख दोनों भाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। डीएसपी राकेश कुमार ने सोनू- मोनू के घर पर ही फायरिंग की बात स्वीकार की। पुलिस ने मौके से तीन खोखे भी बरामद किए हैं।



पूर्व विधायक अनंत सिंह मोकामा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इसी दौरान नौरंगा जलालपुर गांव में आम लोगों से मिली कुछ शिकायतों के निराकरण को लेकर वे वहां पहुंचे थे। ग्रामीणों की समस्या सुन रहे थे।
इसी दौरान गांव के ही कुछ अपराधियों ने फायरिंग की। हालांकि, फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया की 50-60 राउंड फायरिंग की गई है। शहनौरा निवासी उदय यादव के गर्दन में गोली लगी है, जो जख्मी हैं। उन्हें इलाज के लिए पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। उदय यादव अनंत सिंह के साथ थे।
बता दें कि अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी वर्ष 2020 में राजद के टिकट पर मोकामा से विधायक बनीं थी। वर्तमान में नीलम देवी ने जदयू को समर्थन दे रखा है।

