
गुमला। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरूवार को आईआरबी कैंप नागफेनी में क्राइम मीटिंग हुई। एसपी ने जिले के मुख्य चुनौतियां मादक पदार्थ, सड़क सुरक्षा, डायन प्रथा, जैसे कुरीतियों से निपटने का निर्देश दिये। एसपी ने बताया कि वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 में अपराध के आंकड़े में गिरावट आयी। जिसमें हत्या, सामान्य दंगा, बालात्कार, ठगी-जालसाजी, दहेज अधिनियम, जुआ अधिनियम, महिला अत्याचार व मादक पदार्थ अधिनियम में कमी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त अन्य अपराधों में कमी लाने का निर्देश एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों व थाना प्रभारियों को दिया। सभी थाना प्रभारियों को सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु बिना हेलमेट बाईक चलाने, तेज रफ्तार से बाईक चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।



गोष्ठी में गृहभेदन, चोरी, लूट से संबंधित कांडों की समीक्षा की गई तथा उसके रोक थाम हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। वहीं गोष्ठी में जमानत पर जेल से छूटे अपराध कर्मियों के संबंध में चर्चा की गई और लगातार उनपर निगरानी रखने पर बल दिया गया। लंबित कांडों व जनशिकायत से संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया। गोष्ठी में सभी थाना प्रभारियों को गंभीर मामलों में अविलंब प्राथमिकी दर्ज करते हुए त्वरित अनुसंधान करने का निर्देश दिया गया। वहीं क्षेत्र में नक्सल अभियान तेज करने व अवैध उत्खन्न के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं अच्छा काम करने वाले थाना प्रभारियों को बैठक में प्रोत्साहित किया गया।
गोष्ठी में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी व परिचारी प्रवर एवं शाखा प्रभारी उपस्थित थे।

