
रांची। बिल्डर और भाजपा नेता रमेश सिंह से पीएलएफआई के नाम पर फोन करके मांगी गई रंगदारी। इस संबंध में भाजपा नेता सुखदेवनगर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी। भाजपा नेता ने थाने में दिए गए आवेदन में कहा गया है कि शनिवार को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को पीएलएफआई संगठन से जुड़े होने की बात बतायी. उसने भाजपा नेता से कहा कि संगठन के कमांडर समेत सदस्यों की नजर उन पर है। संगठन को सहयोग करें। संगठन भी आपका सहयोग करेगा। साथ ही धमकी दी गई है कि यदि संगठन को सहयोग नहीं किया गया तो फिर उनके खिलाफ संगठन कार्रवाई करेगा।



सुखदेव नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मामले की तफ्तीश की जा रही है। इस मामले में पुलिस टेक्निकल सेल की भी मदद ले रही है. भाजपा नेता को जिस नंबर से कॉल आया था, उसकी भी जानकारी इक्ट्ठा की जा रही है।
रमेश को अपराधियों ने कुछ वर्ष पूर्व उन्हें टारगेट करने की कोशिश भी की थी. इसकी वजह से उन्हें सुरक्षा भी उपलब्ध करवाई गई है। पीएलएफआई के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति ने इस बार न इंटरनेट कॉल का प्रयोग किया और न ही व्हाट्सएप कॉल का, उसने सीधे मोबाइल नंबर से फोन करके संगठन को मदद करने की बात रमेश सिंह से की। यह भी पहली बार हुआ है कि जब संगठन की ओर से रंगदारी को लेकर कितनी रकम देनी है, इसका भी जिक्र नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार रमेश सिंह को जिस सिम कार्ड का प्रयोग कर फोन किया गया था, उसका लोकेशन बंगाल में मिला है।

