
रांची। चतरा जिले में टीएसपीसी और पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं. वहीं एक नक्सली को जिंदा पकड़ा गया है. पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मौके से एक एके 47 भी बरामद की गई है। मारे गए दोनों नक्सलियों की पहचान हरेंद्र गंझू और ईश्वर के रूप में हुई है. मुठभेड़ चतरा के जोरी इलाके में हुई। चतरा एसपी विकास पांडेय ने नक्सलियों की मौत की पुष्टि की है. चतरा एसपी विकास पांडेय ने बताया कि मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। वहीं एक को जिंदा पकड़ा गया है।



जानकारी के मुताबिक, सदर एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस की टीम सर्च अभियान चला रही थी. इसी दौरान टीएसपीसी सबजोनल कमांडर हरेंद्र गंझू के दस्ते के नक्सलियों के साथ पुलिस की भीषण मुठभेड़ हो गई. दोनों ओर से फायरिंग की गई। जिसमें नक्सलियों का नेतृत्व कर रहे खूंखार नक्सली हरेंद्र गंझू समेत दो नक्सलियों मारे गए। वहीं एक नक्सली को पुलिस ने जिंदा पकड़ लिया। इनके पास से पुलिस को एक एके-47 भी बरामद हुआ है। एसपी विकास पांडेय अपनी टीम के साथ घटनास्थल सदर थाना क्षेत्र के गनियोतरी जंगल पहुंचे। गोलीबारी समाप्त होने के बाद जवानों ने जंगल की घेराबंदी कर सर्च आॅपरेशन शुरू कर दिया है।
गौरतलब हो कि कुछ माह पूर्व इसी इलाके में हरेंद्र गंझू के दस्ते के साथ मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान शहीद हो गए थे. जिसके बाद से ही इस इलाके में पुलिस लगातार सर्च अभियान चला रही है।

