
हजारीबाग। आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि खेत, किसान और नवजवान के हक की लड़ाई हम लड़ेंगे। झारखंड को विस्थापन के दंश से हम बाहर निकालेंगे। महतो ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बंदूक चलाना जानती है और झारखंड की छाती को छलनी करने की इनकी आदत रही है। झारखंड आंदोलनकारियों की छाती में गोली चलाने वाली पार्टी है कांग्रेस। यह इनका काला सच है। पिछड़ा, विस्थापन और बेरोजगारी सरकार की प्राथमिकता में नहीं है। इस पार्टी से राज्य के विकास की उम्मीद रखना बेईमानी है। इनके लिए विकास का कोई मापदंड नहीं है न ही विकास इनके लिए कोई मायने रखता है।



सुदेश कुमार महतो +2 हाई स्कूल फुटबॉल मैदान में रविवार को आयोजित बड़कागांव विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में बोल रहे थे। मौके पर विधानसभा क्षेत्र के हजारों चूल्हा प्रमुखों ने अपने पद की शपथ ग्रहण की। महतो ने कहा कि राज्य सरकार जनता की भावनाओं पर राजनीति कर रही है। सरकार ने राज्य की बड़ी आबादी के साथ धोखा किया है। जनाकांक्षा हमारी प्राथमिकता है। हमारी तैयारी जमीन के मालिक को उसका उचित हक और अधिकार दिलाने की है। सिर्फ मुआवजा नहीं बल्कि मुआवजा के साथ नौकरी और शेयर पर भी बात होगी। जमीन के मालिक भी अपने होंगे और कंपनी के अंदर काम भी अपने लोग करेंगे।
पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष सह गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार सातवें आसमान पर है। मुफ्त बिजली देने की बात करने वाली सरकार दिन में दस घंटे भी बिजली नहीं दे पा रही है। इन्होंने सरकारी पदाधिकारियों का आचरण ही बदल दिया है। जनता की सेवा के लिए बैठे लोग आज जनता की ही नहीं सुनते हैं। इस अराजक व्यवस्था से जनता त्रस्त है।
पार्टी के केंद्रीय महासचिव रोशन लाल चौधरी ने कहा कि नियोजन, विस्थापन और स्थानीय नीति बनाने का वादा कर सत्ता में आई सरकार ने अपने वादों को भुला दिया है। वादाखिलाफी के नए कीर्तिमान बनाने वाली इस सरकार को जनता ने सत्ता से बेदखल करने का मन बना लिया है। बड़कागांव के विकास को कुछ लोगों ने अपने निजी स्वार्थ के चलते रोक दिया है। अपना और अपने परिवार का विकास ही उनकी प्राथमिकता रही है। क्षेत्र की जनता अपने मत से इतिहास लिखेगी।

