
नई दिल्ली। कोलकाता रेप-मर्डर मामले में आरजी कर हॉस्पिटल मामले में आज ईडी की टीम कोलकाता के अलग अलग जगहों पर दबिश दे दी है। सूत्रों के अनुसार पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के कई ठिकानों पर ईडी की टीम ने छापेमारी की है। इस केस की जांच सीबीआई कर रही है। ईडी की टीम हावड़ा, सोनारपुर और हुगली पहुंची। हुगली में एक जगह आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के करीबी रिश्तेदारों का घर भी शामिल है।



9 अगस्त को तड़के कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ रेप करने के बाद हत्या कर दी गई थी। इस घटना को अंजाम देने के बाद शराबी आरोपी संजय रॉय उसी बिल्डिंग में सो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है।
CBI ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष का नाम उनके कार्यकाल के दौरान संस्थान में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के संबंध में दर्ज किया था । एजेंसी ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश) धारा 420 (धोखाधड़ी) के साथ पठित और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (2018 में संशोधित) की धारा सात लगाई है, जो एक लोक सेवक द्वारा अवैध रूप से रिश्वत स्वीकार करने से संबंधित है।
संदीप घोष के अलावा, सीबीआई ने मध्य जोरहाट, बानीपुर, हावड़ा के मेसर्स मा तारा ट्रेडर्स, जेके घोष रोड, बेलगछिया, कोलकाता के मेसर्स ईशान कैफे और मेसर्स खामा लौहा के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था.राज्य स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव देबल कुमार घोष द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर ये प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

