
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपना काफिला छोड़कर कर उबर की सवारी की। इस दौरान उन्होंने उबर ड्राइवर के साथ खुलकर बातचीत की और उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने कहा कि गिग वर्कर्स (ऐसे श्रमिक जिनका काम अस्थायी होता है) के लिए कांग्रेस की राज्य सरकारें काम करेंगी।



लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की राज्य सरकारें गिग वर्कर्स के लिए ठोस नीतियां बनाकर न्याय सुनिश्चित करेंगी तथा विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) संघर्ष के साथ इन नीतियों का देशव्यापी विस्तार सुनिश्चित करेगा।
राहुल गांधी ने उबर कैब की सवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया जिसमें वह वाहन चालक सुनील उपाध्याय से उनके अनुभव एवं परेशानियों के बारे में जानकारी लेते देखे जा सकते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि आमदनी कम और महंगाई से निकलता दम यह है भारत के गिग वर्कर्स की व्यथा। सुनील उपाध्याय जी के साथ एक उबर यात्रा के दौरान चर्चा में और फिर उनके परिवार से मिल कर देश के कैब ड्राइवर और डिलेवरी एजेंट जैसे गिग वर्कर्स की समस्याओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि हैंड टू माउथ इनकम(किसी तरह गुजा़रे लायक आमदनी) में इनका गुजारा तंगी से चल रहा है तथा न कोई बचत होती है और न ही परिवार के भविष्य का कोई आधार है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इनकी समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस की राज्य सरकारें ठोस नीतियां बना कर न्याय करेंगी और इंडिया गठबंधन पूरे संघर्ष के साथ इन नीतियों का देशव्यापी विस्तार सुनिश्चित करेगा।
ड्राइवर के परिवार के साथ खाया खाना : सफर में बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने ड्राइवर के परिवार से भी बात की। बच्चों से उनका हालचाल पूछा। ड्राइवर ने कहा कि हम जितना पैसा कमाते हैं पूरा खर्च हो जाता है. टैक्सी की ही कमाई से घर का खर्च चलता है। बच्चों की फीस भरते हैं। कभी ऐसा दिन नहीं आता है जब मैं अपने बच्चों से कहूं कि चलो आज तुम्हें कहीं घुमा कर लाता हूं। पैसे ही नहीं होते हैं। इसके बाद राहुल गांधी ने उबर ड्राइवर के परिवार के साथ समय बिताया और खाना भी खाया। लंच करते समय भी राहुल लगातार उनकी समस्याओं के बारे में जानते रहे। टैक्सी ड्राइवर के परिवार में उसकी पत्नी और बच्चे शामिल रहे। इसके बाद अंत में नेता प्रतिपक्ष ने ड्राइवर के साथ-साथ पत्नी और बच्चों को गिफ्ट भी भेंट किया।
