
नई दिल्ली। दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर के कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने के बाद जान गंवाने वाले 3 छात्रों की पहचान हो गई है। तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल लाया गया है। प्रशासन की तरफ से राहत एवं बचाव कार्य को भी पूरा कर लिया गया है। मरने वाले तीन स्टूडेंट्स में 2 छात्र और एक छात्रा है। तीनों बीती रात उन 35 छात्रों में शामिल थे जो बेसमेंट की लाइब्रेरी में पढ़ने आए थे। तीनों के नाम तान्या सोनी, श्रेया यादव और नेविन डाल्विन के रूप में हुई है। इसमें नेविन जवाहर लाल यूनिवर्सिटी से पीएचडी भी कर रहा था।



बेसमेंट में पानी भरने के बाद जिन तीन स्टूडेंट्स की मौत हुई है, उनके बारे में जानकारी भी सामने आ गई है। मरने वालों में पहला नाम नेविन डाल्विन का है। वह केरल का रहने वाला है और बीते 8 महीने से दिल्ली के पटेल नगर में रहकर तैयारी कर रहा था। साथ ही वह जेएनयू से पीएचडी भी कर रहा था। डाल्विन शनिवार को सुबह करीब 10 बजे कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में पढ़ने आया था और बाद में जिंदा न लौट सका। डाल्विन के दोस्त उसके परिवार से संपर्क साध रहे हैं।
बाकी दो छात्राओं में एक का नाम तान्या सोनी है और श्रेया यादव है। श्रेया यादव के बारे में जानकारी मिली है कि उसने इसी साल जून/जुलाई में राव कोचिंग सेंटर में एडमिशन लिया था। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनदर के बरसांवा हाशिमपुर की रहने वाली थी। बता दें कि तीनों मृतकों की उम्र 25 से 28 साल के बीच थी। तेज बारिश के बाद जैसे ही पानी का सैलाब आया ये तीनों वहीं फंस गए। एनडीआरएफ और बाकी प्रशासनिक टीमों ने मिलकर काफी मशक्कत की, लेकिन इन तीनों को बचाया नहीं जा सका।

