
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों से लाखों लोग रविवार को कोलकाता में होने वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की महारैली में हिस्सा लेने के लिए इकट्ठे हुए। यह रैली लोकसभा चुनावों में उल्लेखनीय प्रदर्शन के बाद पार्टी का पहला शक्ति प्रदर्शन होगा।



तृणमूल समर्थक दूरदराज के जिलों से दो दिन पहले से ही कोलकाता पहुंचने लगे थे और शहर में विभिन्न स्थानों पर बनाए गए शिविरों में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि रैली के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की रूपरेखा के बारे में जानकारी देंगी।
तृणमूल नेताओं ने बताया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव भी रैली को संबोधित कर सकते हैं। तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘21 जुलाई की शहीद दिवस रैली हमारे दिलों में एक विशेष स्थान रखती है। हम इस दिन को अपने शहीदों को समर्पित करते हैं। जैसा कि हमारी पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा है, हम इस साल इस रैली को लोकसभा चुनावों में अपनी जीत को समर्पित करेंगे।”

