
रांची। रांची के धुर्वा जगन्नाथ मैदान में झारखंड प्रदेश भाजपा की विस्तारित कार्यसमिति बैठक में असम के मुख्यमंत्री एवं झारखंड भाजपा के सह चुनाव प्रभारी हेमंत बिस्व सरमा ने कहा कि हर हिंदू रक्त का प्रतिशोध लेना भाजपा कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है। हम झारखंड में अगले तीन महीनों में सरकार बनाएंगे।



उन्होंने कहा कि झारखंड में मोहर्रम के जुलूस में फिलिस्तीन का झंडा लहराने वालों पर भाजपा सरकार बनते ही कार्रवाई होगी। राजमहल में किसी बूथ पर बीस प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक विशेष समुदाय के मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। यह बांग्लादेश से हो रहे घुसपैठ और रोहिंग्या की वजह से हुआ है।
सरमा ने कहा है कि साल 2041 तक असम मुस्लिम बहुल राज्य बन जाएगा। सीएम ने कहा कि झारखंड के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं। देश के कई राज्यों में घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी का परिवर्तन हुआ है आज वह प्रदेश धीरे-धीरे मुस्लिम बहुसंख्यक राज्य होने की ओर बढ़ रहे हैं। दुर्भाग्य की बात है कि असम भी ऐसा ही प्रदेश है जहां 40 प्रतिशत मुसलमान है, जबकि असम के असली मुसलमान महज 4 प्रतिशत हैं। 36 प्रतिशत बांग्लादेश से आए हुए लोग हैं। ऐसे में साल 2041 तक असम सबसे बड़ा मुस्लिम बहुल प्रदेश बन जाएगा। यह आज असम की हकीकत है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुसलमान आबादी की जनसंख्या 26 प्रतिशत है। धीरे-धीरे ये प्रतिशत भी हर 10 साल में 29 प्रतिशत की स्पीड से बंगाल में बढ़ रही है। असम और बंगाल को हम छोड़ दें, तो बांग्लादेशी घुसपैठियों का अगला टारगेट झारखंड बना हुआ है। आज झारखंड के कई सारे जिलों में मुसलमानों की जनसंख्या 30 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
इससे पहले हिमंता बिस्वा सरमा ने रांची के रिम्स अस्पताल में घायल सहायक पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। साथ ही अस्पताल में भर्ती जवानों से उनका हालचाल जाना। मीडिया से बातचीत के दौरान असम के सीएम ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

