
पटना । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की बिहार में पटना स्थित एक विशेष अदालत ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2024 के प्रश्न पत्र लीक मामले में शुक्रवार को इस मामले में गिरफ्तार एक मेडिकल छात्रा को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर हिरासती पूछताछ के लिए सीबीआई को सौंपे जाने का आदेश दिया वहीं हिरासती पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किए गए दस अभियुक्तों को वापस न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।



सीबीआई ने इस मामले मे राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची से गिरफ्तार की गई मेडिकल छात्रा सुरभि को विशेष प्रभारी न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया, जहां न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में लिया। उसके बाद सीबीआई ने एक आवेदन दाखिल कर इस अभियुक्त से हिरासती पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर दिए जाने की प्रार्थना की। विशेष अदालत ने प्रार्थना स्वीकार करते हुए इस अभियुक्त को तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर हिरासती पूछताछ के लिए सीबीआई को सौंपे जाने का आदेश दिया।
रिम्स की यह छात्रा सुरभि कुमारी बिहार आरा की रहने वाली है, जो एमबीबीएस के 2023 बैच फर्स्ट ईयर की छात्रा है। सुरभि कुमारी ऑल इंडिया 56 रैंक हासिल कर रिम्स में नामांकन कराया था। वही पटना एम्स से चार डॉक्टरों सहित सुरभि कुमारी को भी पेपर सॉल्व करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
छात्रा को कॉलेज से किया निलंबित
नीट पेपर लीक मामले में रिम्स की छात्रा सुरभि कुमारी को प्रबंधन ने सस्पेंड कर दिया है। सीबीआई के द्वारा गिरफ्तार करने के बाद रिम्स निदेशक ने की करवाई। निदेशक ने बताया कि यदि आरोप सिद्ध हो जाते हैं, तो छात्र को कॉलेज से निकालने के सिवा कोई विकल्प नहीं बचता है। सीबीआई की टीम गुरुवार की सुबह छात्राको हास्टल से उठाया। आठ घंटे पूछताछ के बाद शाम को उसे गिरफ्तार किया गया था।

