
रांची। सदर अस्पताल के लेप्रोस्कॉपी सर्जरी विभाग ने एक ही मरीज के दो हर्निया का आॅपरेशन एक साथ किया। पूर्व में मरीज को रांची से बाहर रेफर कर दिया गया था, जहां वेल्लोर में उनसे तीन लाख का खर्च बताया गया था लेकिन सदर अस्पताल में मरीज का आॅपरेशन आयुष्मान योजना के अंतर्गत नि:शुल्क हुआ।



जमशेदपुर की रहने वाली 35 वर्षीय महिला काफी दिनों से पेट दर्द और सूजन को लेकर परेशान थी। जांच करने पर उन्हें पता चला कि उन्हें दो हर्निया है। एक इंसीजनल हर्निया और दूसरा अंबिलिकल हर्निया। इनसीजनल हर्निया सिजेरियन आॅपरेशन के बाद हुआ था। इसमें उनके आंत के कुछ अंश जाकर फंसे हुए थे, जिसके कारण बहुत दर्द होता था। सभी जरूरी जांच करने के बाद सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उनका आॅपरेशन किया।
आॅपरेशन लेप्रोस्कोपिक विधि से किया गया। इसमें दो छेद पाए गए। एक छेद में आंत फंसा हुआ था, जिसे छुड़ाकर जाली बिछाकर आॅपरेशन किया गया, जिसे टैप विधि कहते हैं। दूसरा हर्निया नाभि के पास था, जिसमें नीचे के आंत आकर पूरी तरह से चिपके हुए थे। इसे छुड़ाकर बड़ी सी जाली बिछाई गई, जिसे आईपोम प्लस कहते हैं।
चिकित्सकों की टीम में लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर अजीत कुमार, एनेस्थेटिक डॉ दीपक, ओटी असिस्टेंट संदीप, नंदिनी, शशि, नीरज आदि शामिल थे।

