
रांची। पत्रकार से जमीन कारोबारी बने कुमार कमलेश के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी की। इस दौरान ईडी के टीम को कमलेश के घर से 100 कारतूस और एक करोड़ रुपये कैश मिला। ईडी ने कमलेश के कांके रोड स्थित एस्टल ग्रीन अपार्टमेंट में छापेमारी की थी। यहां कमलेश किराये के मकान में रहता था। ईडी को 9 एटीएम कार्ड और जमीन के कई डीड मिले है।




ईडी की टीम कमलेश के घर में कागजात को खंगाल रही है, फिलहाल ईडी की टीम कमलेश के घर में एक-एक कागजात जांच कर रही है ईडी ने लैंड घोटाले मामले में जमीन कारोबारी कमलेश वर्मा उर्फ कमलेश सिंह को सवालों का जवाब देने के लिए समन भेजकर ईडी कार्यालय बुलाया था। लेकिन इसके बावजूद कमलेश ईडी के सवालों का जवाब देने नहीं पहुंचा, तो ईडी ने शुक्रवार को कमलेश के घर पर छापेमारी की।
कमलेश कुमार पूर्व में रांची के एक स्थानीय अखबार में फोटोग्राफर का काम किया करता था, धीरे-धीरे वह जमीन के धंधे से जुड़ा और बाद में कई विवादित जमीनों में उसकी भागीदारी रही, जमीन मामले में ही कमलेश को पूर्व में रांची पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
जमीन घोटाले में गिरफ्तार हुए शेखर कुशवाहा से जुड़े मामले को लेकर ईडी के द्वारा यह छापेमारी की गयी है। बीते 12 जून को ईडी ने बड़गाईं जमीन घोटाला में गाड़ीगांव निवासी शेखर कुशवाहा को गिरफ्तार किया था। फिलहाल, ईडी शेखर कुशवाहा को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

