गंगटोक/नई दिल्ली। सिक्किम में रविवार शाम सेना का एक कैंप भूस्खलन की चपेट में आ गया। यह हादसा भारी बारिश के बाद उत्तरी सिक्किम के लाचेन क्षेत्र में शाम करीब 7 बजे हुआ। सेना ने सोमवार को इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन जवानों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि छह जवान अब भी लापता हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

सेना के अधिकारियों ने बताया कि चार जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। क्षेत्र में भारी बारिश और दुर्गम भूगोल के कारण राहत अभियान में बाधाएं आ रही हैं।

उत्तरी सिक्किम के लाचेन और लाचुंग क्षेत्रों में 30 मई से फंसे 1000 से अधिक पर्यटकों को भी आज सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। पर्यटकों को सेना और स्थानीय प्रशासन की मदद से हेलिकॉप्टर और वाहनों के जरिए गंगटोक पहुंचाया गया। पिछले चार दिनों से पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में हो रही मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी है। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक कम से कम 37 लोगों की जान जा चुकी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version