
उन्नाव (उप्र)। उन्नाव जिले में बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस और टैंकर की टक्कर में 18 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना तड़के करीब पांच बजे बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में जोजीकोट गांव के पास हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर दुख प्रकट किया है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बिहार के सिवान से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस तेज रफ्तार में थी और उसने दूध के टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी।
इससे पहले कहा गया था कि टैंकर ने बस को टक्कर मारी थी। जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसबी शिरोडकर ने बताया कि दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई जिनमें 14 पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि हादसे में 19 लोग घायल हो गये हैं। क्षेत्राधिकारी बांगरमऊ अरविंद कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और टैंकर दोनों पलट गये। उन्होंने बताया कि जान गंवाने वालों में दोनों वाहन के चालक भी शामिल हैं।
कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बांगरमऊ कोतवाली और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक जताया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
उन्नाव, उत्तर प्रदेश में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदाई है। ऐसी आकस्मिक मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति मैं गहन शोक संवेदनाएँ व्यक्त करती हूँ तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदायी है। ऐसी आकस्मिक मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति मैं गहन शोक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक सड़क हादसे में लोगों की मौत होने पर शोक जताया और कहा कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
मृतकों का विवरण
1. दिलशाद (22) पुत्र अशफाक निवासी थाना मोदीपुरम, मेरठ
2. बीटू (9) पुत्र राजेन्द्र निवासी थाना भादूर, शिवहर, बिहार
3. रजनीश पुत्र रामविलास निवासीजनपद सीवान, बिहार
4. लालबाबू दास पुत्र रामसूरज दास निवासी थाना हिरागा जनपद शिवहर, बिहार
5. रामप्रवेश कुमार निवासी थाना हिरागा जनपद शिवहर, बिहार
6. भरत भूषण कुमार पुत्र लाल बहादुर दास निवासी थाना हिरागा जनपद शिवहर, बिहार
7. बाबू दास पुत्र रामसूरज दास निवासी थाना हिरागा जनपद शिवहर, बिहार
8. मो. सद्दाम पुत्र पुत्र मो. बशीर निवासी गमरोली थाना शिवहर, बिहार
9. नगमा पुत्री मो. शहजाद निवासी भजनपुरा, दिल्ली
10. शबाना पत्नी मो. शहजाद भजनपुरा, दिल्ली
11. चांदनी पत्नी मो. शमशाद निवासी शिवोली, मुलहारी
12. मो. शफीक पुत्र अब्दुल बसीर निवासी शिवोली, मुलहारी
13. मुन्नी खातून पत्नी अब्दुल बसीक निवासी शिवोली, मुलहारी
14. तौफीक आलम पुत्र अब्दुल बसीर निवासी शिवोली, मुलहारी और अन्य 04 अज्ञात
