रांची। गंभीर बीमारी से जूझ रही गिरिडीह की बच्ची यामिका पटेल के इलाज के लिए राज्य सरकार की ओर से 15 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सरकार के प्रति आभार प्रकट किया है।

उल्लेखनीय है कि बच्ची की स्थिति बेहद गंभीर थी और डॉक्टरों ने महंगे इंजेक्शन की जरूरत बताई थी, जिसे परिवार वहन करने में सक्षम नहीं था। मामले में मंत्री ने कहा कि जब बच्ची के परिजन उनके पास पहुंचे, तो उन्होंने तय किया कि हर हाल में उसकी मदद की जाएगी। एक भी बच्चा इलाज के अभाव में अपनी जान न गंवाए, यह हमारी सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि मामले को तुरंत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन के समक्ष रखा गया, जिसके बाद त्वरित निर्णय लेते हुए कैबिनेट से 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। डॉ अंसारी ने मुख्यमंत्री और विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय राज्य की संवेदनशील और जिम्मेदार सरकार का उदाहरण है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version