पटना। बिहार में भोजपुरी फिल्मों के कई अभिनेता विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। सबसे अधिक चर्चा पवन सिंह की है। पवन सिंह ने पिछले साल लोकसभा चुनाव में काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था और दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके पहले भाजपा ने उन्हें पश्चिम बंगाल के आसनसोल से टिकट दिया था मगर कुछ ही दिनों बाद इसे वापस ले लिया गया। इससे आहत पवन सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़कर काराकट में एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा की हार का फैक्टर तो बने ही, शाहाबाद क्षेत्र में राजपूत वोटरों को भी प्रभावित किया।

अब पवन सिंह के विधानसभा चुनाव में फिर से किस्मत आजमाने की चर्चा है। वह भाजपा के भी संपर्क में बताए जाते हैं, मगर निर्दलीय चुनाव लड़ने की उम्मीद ज्यादा है। भोजपुर के बड़हरा, आरा या रोहतास के काराकाट सीट से पवन सिंह मैदान में उतर सकते हैं। पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वह भी डेहरी या काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ सकती हैं।

भोजपुरी फिल्मों के एक और गायक-अभिनेता रितेश पांडेय का भी चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। हैलो-कौन गाने से प्रसिद्ध हुए रितेश पांडेय ने हाल ही में प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज की सदस्यता ली है। वह जनसुराज के टिकट पर रोहतास के करगहर या भभुआ सीट से अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। भोजपुरी गीतकार एवं लौरिया विधायक विनय बिहारी भी इस बार फिर चुनाव लड़ेंगे।

कई कालाकार करेंगे प्रचार : विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमाने के अलावा चुनाव प्रचार में भी भोजपुरी सितारों का जुटान होगा। भाजपा सांसद मनोज तिवारी और रवि किशन के साथ पूर्व सांसद दिनेश लाल निरहुआ जैसे भोजपुरी सुपरस्टार विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। भोजपुरी के एक और सुपरस्टार खेसारी लाल यादव की भी राजद और सपा से करीबी को देखते हुए विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं, मगर इसकी गुंजाइश बहुत कम है। हां, वह राजद उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करते जरूर नजर आ सकते हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version