
लखनऊ । योगी सरकार की कैबिनेट बैठक शुक्रवार को हुई। कैबिनेट बैठक में कई प्रस्तावों पर मुहर लगी। गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में स्थित जेवर एयरपोर्ट के नाम को बदलकर पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास हुआ है। इसके नामकरण की तैयारी में यूपी सरकार जुट गई है। शुक्रवार को यूपी सरकार की कैबिनेट बैठक के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने का ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूपी का विकास हुआ है। 42 नए हाईवे बनाए गए हैं। इसके अलावा कैबिनेट बैठक में कुल 39 प्रस्तावों पर मुहर लगी।



यूपी प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा : लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने पीएम नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर उनका हार्दिक अभिनंदन किया है। सीएम योगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी का रिश्ता बेहद आत्मीय है। साल 2014 में जब पीएम काशी आए थे, तब उन्होंने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। केंद्र और राज्य के साझा संकल्प से यूपी अभूतपूर्व प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश प्रशासनिक अस्थिरता और आम लोगों की असुरक्षा से जूझ रहा था। पीएम मोदी की दूरदर्शिता से प्रेरणा लेकर यूपी ने शासन की नई कार्य संस्कृति को अपनाया। आज प्रदेश नए आत्मविश्वास के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

