
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समय के साथ रंग बदलने वाले लोग ‘पी’ की अलग-अलग परिभाषाएं गढ़ते हैं। पहले ‘पी’ को पिछड़े से जोड़ा गया, फिर पंडित से और एक दिन ये लोग ‘पी’ की परिभाषा पाकिस्तान से भी करने लगेंगे। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बड़ा आदमी पद से बड़ा नहीं होता, बल्कि अपनी सोच और कर्मों से बड़ा और महान होता है।
मुख्यमंत्री ने सपा के पीडीए को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग समय के साथ गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं, वे अलग-अलग समय पर ‘पी’ की अलग-अलग परिभाषा बताते हैं। कभी ‘पी’ की परिभाषा पिछड़े से करते हैं, फिर पंडित से करते हैं और एक दिन पाकिस्तान से भी करने लगेंगे। सीएम योगी ने कहा कि अतरौली के सामान्य किसान परिवार में जन्मे कल्याण सिंह अपनी कर्मठता, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति अडिग रहने की भावना के साथ आगे बढ़े। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में तपे हुए स्वयंसेवक के रूप में उन्होंने किसान, शिक्षक, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद और राज्यपाल के रूप में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन सादगी, तप, साधना और संघर्ष से भरा रहा। वह अन्याय के खिलाफ खड़े होने और अत्याचार का मुकाबला करने वाले व्यक्तित्व थे।
उन्होंने सनातन मूल्यों की रक्षा के साथ गांव, गरीब, किसानों, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि गलत काम के लिए बाबूजी पर कितना भी दबाव बनाया जाए, वह दबाव में आकर काम नहीं करते थे। वह कहा करते थे, “कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।” उन्होंने जीवनभर अपने इस वचन को निभाया।
राम जन्मभूमि आंदोलन का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कल्याण सिंह ने स्पष्ट कहा था कि संघर्ष स्वीकार है और सत्ता चली जाए, यह भी स्वीकार है, लेकिन प्रभु श्रीराम का अपमान स्वीकार नहीं है। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन का खुलकर समर्थन किया और सत्ता गंवाना स्वीकार किया, लेकिन रामभक्तों पर गोली चलाने से इनकार किया।

