
डेहरी आन सोन। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा बिहार बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार और मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक ऐसी स्थिति बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सासाराम-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो महीने के भीतर काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास और आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 से पहले बिहार में 10 एयरपोर्ट तैयार हो जाएंगे।
सासाराम और औरंगाबाद तक पहुंचेगा सोन नदी का पानी :मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के साथ हुए समझौते के बाद बिहार को सोन नदी के पानी में हिस्सा मिला है। इसका उपयोग रोहतास और आसपास के क्षेत्रों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले मार्च तक सासाराम और औरंगाबाद शहरों में सोन नदी का पानी पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा।
सासाराम बाईपास शुरू: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को 122 करोड़ की लागत से बने बेदा-मोकर 2-लेन सासाराम बाईपास का लोकार्पण किया। सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी और पुल समेत बने इस बाईपास से सासाराम शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रोहतास जल संजीवनी अभियान का भी शुभारंभ किया और जिले के पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण पर जोर दिया।
