
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 दिसंबर को इस साल दूसरी बार दिवाली मनाई जाएग। लाल किले से लेकर दिल्ली की तमाम सरकारी इमारतों को दीयों और लाइटों से सजाया जाएगा।



देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर दिवाली मनाने के लिए तैयार है। दिल्ली में लाल किला के साथ-साथ कई सरकारी इमारतों को दिवाली की लाइटों और दीयों से सजाया जाएगा। राजधानी दिल्ली में 10 दिसंबर को एक बार फिर दिवाली की धूम होगी। केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने औपचारिक तौर पर दिल्ली सरकार से इस सेलिब्रेशन के लिए संपर्क किया है। दिल्ली के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि कई ऐतिहासिक स्मारकों के साथ-साथ दिल्ली सरकार की इमारतों को दीयों और लाइटों से रोशन किया जाएगा। मेन प्रोग्राम लाल किले में आयोजित किया जाएगा और चांदनी चौक के इलाके को रंग-बिरंगी रंगोली से सजाया जाएगा। दिवाली की तरह आतिशबाजी करने का भी प्लान बनाया जा रहा है। अब आपके मन में भी सवाल होगा कि दिवाली तो हम मना चुके फिर अब यह कैसी दिवाली?
भारत ने मार्च 2024 में दिवाली को विश्व धरोहर में शामिल करने का प्रस्ताव UNESCO को सौंपा था। UNESCO की इंटरगवर्नमेंटल कमेटी की सालाना बैठक 8 से 13 दिसंबर के बीच लाल किले में हो रही है। माना जा रहा है कि इस बैठक में दिवाली को वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा दिया जा सकता है। इस बैठक से भारत को बहुत उम्मीदें हैं और यही कारण है कि सरकार अपनी तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती।

