
पटना। टाइम्स नाऊ ने जेवीसी ओपिनियन पोल में बताया है कि एनडीए की बिहार में सरकार बनने की संभावना है। एनडीए को 120-140 सीटें मिल सकती हैं, जबकि महागठबंधन को 93-112 सीटों तक संतोष करना पड़ सकता है। चुनावी सर्वे के अनुसार, बीजेपी को 70-81, जेडीयू को 42-48, एलजेपी (राम विलास) को पांच से सात, हम को दो और आरएलएम को दो सीटें मिलने का अनुमान है।
इसके अलावा, महागठबंधन की बात करें तो आरजेडी को 69-78 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 9-17, सीपीआई (एमएल) को 12-14, सीपीआई को एक, सीपीआई (एम) को एक से दो सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की बात करें तो सर्वे में सिर्फ एक सीट जीतती दिख रही है। इसके अलावा, एआईएमआईएम, बसपा और अन्य के खाते में आठ से दस सीटें जा सकती हैं।
वोट प्रतिशत की बात करें तो एनडीए को महागठबंधन के मुकाबले दो फीसदी ज्यादा वोट मिलते दिख रहे हैं। सर्वे के अनुसार, एनडीए को 41-43 फीसदी वोट मिल सकते हैं, जबकि महागठबंधन को 39-41 फीसदी वोट मिलने की संभावना है। जनसुराज को छह से सात फीसदी वोट और जबकि अन्य को 10-11 फीसदी वोट जा सकते हैं।
बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 122 का है। पांच साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने बहुमत का आंकड़ा हासिल किया था। तब आरजेडी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। आरजेडी को 75 सीटें मिली थीं, जबकि बीजेपी को 74, जेडीयू को 43, कांग्रेस-19, एलजेपी एक और अन्य को 31 सीटें मिली थीं।
