
रांची। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के अखाड़े में उतरे। उन्होंने कहा कि कहा कि बटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो नेक रहेंगे। योगी ने कहा कि झामुमो, राजद और कांग्रेस का गठबंधन झारखंड के विकास के लिए नहीं है। ये विनाश के दूत हैं। भ्रष्टाचार के फरिश्ते हैं। यहां की सरकार ने बांग्लादेशी घुसपैठियों को वोट बैंक के लिए प्रश्रय दिया है। योगी ने एनडीए के संकल्प पत्र को दोहराया और कहा कि एनडीए की सरकार बनी तो गोगो दीदी योजना से हर महीने महिलाओं को 2100 रुपये दिए जाएंगे। साथ ही 21 लाख लोगों को पक्का घर दिया जाएगा। बालू फ्री में दी जाएगी। ये सभी लाभ झारखंडवासियों को दिए जाएंगे, बांग्लादेशी घुसपैठियों को नहीं।



योगी ने कहा कि जो लोग कहते थे कि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बन पाएगा, वे देख रहे हैं कि मंदिर भी बन गया और रामलला विराजमान भी हो गए हैं। नए भारत का नया उत्तर प्रदेश निर्दोष नागरिकों-हिंदुओं को छेड़ने वाले को छोड़ता नहीं है। श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर बने, इसके लिए रामभक्तों ने संघर्ष किया। लाखों रामभक्तों ने बलिदान भी दिया। योगी ने कहा कि कांग्रेस, राजद, झामुमो राम मंदिर निर्माण के मार्ग में बाधक थे। यूपी में भाजपा सरकार बनी, तो 500 वर्ष की समस्या का समाधान हो गया।
योगी ने झारखंडवासियों का आह्वान किया कि जातियों में बंटिए मत। जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर बांटने वाले वही लोग हैं, जो संकट आने पर साथ खड़े नहीं होंगे। कांग्रेस ने 1947 से देश को जख्म दिया। यही काम राजद ने बिहार व झामुमो ने झारखंड में किया। जिस प्रकार से झारखंड के अंदर रोहिंग्या की घुसपैठ प्रारंभ कराई गई है। डेमोग्राफी इसी प्रकार चेंज हुई तो यह लोग आज यात्रा रोक रहे हैं, आने वाले समय में घरों में घंटी व शंख नहीं बजाने देंगे। भाजपा को लाइए, एक रहिए और नेक रहिए। भाजपा लाइए, रामनवमी की सुरक्षित यात्रा निकालिए। देश का इतिहास गवाह है, जब भी जाति, क्षेत्र व भाषा के नाम पर बटे हैं तो निर्ममता से कटे हैं।
योगी ने कहा कि कहीं बांग्लादेशी तो कहीं रोहिंग्या घुसपैठ हो रही है। दुस्साहस की पराकाष्ठा तब होती है जब पर्व-त्योहार में उनके द्वारा मां दुर्गा, रामनवमी जुलूस पर पथराव होता है। वर्ष 2017 के पहले यूपी में भी होता था लेकिन अब वहां शोभायात्रा पर पथराव नहीं होता। क्योंकि, ऐसे करने वाले अंजाम भुगतते हैं। यूपी में कर्फ्यू है न दंगा, वहां सब चंगा। सीएम ने कहा कि जैसे कश्मीर से पत्थरबाज समाप्त हुए, भाजपा सरकार बनने पर वैसे ही झारखंड से नक्सलवाद भी समाप्त करेंगे। साथ ही कहा कि पिछले दिनों हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा दो तिहाई से अधिक सीटें जीती और कांग्रेस धराशायी हो गई। वहां की जनता ने बताया कि विकास, सुरक्षा, सुव्यवस्था व सुशासन के लिए डबल इंजन आवश्यक है और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार चले तो सोने पर सुहागा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए कोडरमा से चार-चार हुतात्माओं ने बलिदान दिया था लेकिन आज झारखंड में क्या हो रहा है। एक आलमगीर आलम औरंगजेब ने देश को लूटा व पवित्र मंदिरों को नष्ट किया था, दूसरा झामुमो सरकार का मंत्री आलमगीर था, उसके व नौकरों के घर में नोटों की गड्डियां मिली थीं। इसने गरीबों व झारखंडवासियों का पैसा लूटा। लूट का इससे घटिया स्तर नहीं देखा जा सकता। विकास के नाम पर जिन लोगों ने आमजन को छला है, यह चुनाव उन्हें जवाब देने का अवसर है। जहां भी भाजपा सरकारें हैं, वहां विकास का मॉडल और विरासत का सम्मान किया।
योगी ने कहा कि संताल क्षेत्र में जनजातीय की आबादी 42 से घटकर 28 फीसदी होने पर कोर्ट ने भी चिंता व्यक्त की है और जांच करने को कहा है कि यह आबादी कैसे दूसरे समुदाय की हो गई है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस मंशा के साथ झारखंड का निर्माण किया था, उन भावनाओं को सम्मान देने, विकसित व सुरक्षित झारखंड की स्थापना के लिए यह चुनाव है।
इस दौरान योगी ने कोडरमा से डॉ. नीरा यादव, बरकठा से अमित यादव, बड़कागांव से रोशनलाल चौधरी, हजारीबाग सदर से प्रदीप प्रसाद, जमशेदपुर पूर्व से पूर्णिमा दास साहू, पश्चिम से सरयू रॉय, पोटका से मीरा मुंडा व जुगसलाई से रामचंद्र सहिस के लिए वोट मांगे।

