
आरा। बिहार चुनाव के दौरान रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोजपुरी क्षेत्र के दिल कहे जाने वाले आरा की धरती पर राजद और कांग्रेस के घोषणापत्र को अपने निशाने पर लिया और भोजपुरिया अंदाज में कहा कि जे खेतवा उजड़ले बा, उहे अब बोआई के बात करत बा। श्री मोदी ने भोजपुर जिले के कोने कोने से आये विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस भोजपुरी क्षेत्र में डालमिया नगर की सीमेंट फैक्टरी थी, चीनी और कागज की मिलें थी, सभी को राजद के जंगलराज ने निगल लिया। सभी कारखानों में ताले लग गए। हजारो लोग बेरोजगार हो कर पलायन के लिए मजबूर हुए। उन्होनें कहा कि जब लालटेन और लाल झंडे ले कर महागठबंधन के लोग घूमेंगे तो प्रदेश में निवेश करने कौन आएगा।



उन्होंने कहा कि बिहार में पुन: एनडीए की सरकार आने के बाद निवेश और औद्योगिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर बनेंगे और युवाओं के पलायन पर विराम लगेगा। श्री मोदी ने बिहार में रोजगार के अवसरों की बात करते हुए कहा कि प्रदेश में बड़ी कंपनियों के डेटा सेंटर का हब बनेगा और यहां के युवा अपने घर मे ही रहते हुए दुनिया की मदद करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में पीएम किसान योजना के तहत कृषकों को 6000 की राशि सालाना दी जा रही थी। उन्होंने कहा कि अब उसमे राज्य सरकार की तरफ से 3000 और जुड़ जाएंगे और कुल मिलने वाली राशि 9000 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पशुपालकों के हितों की रक्षा के लिए बिहार दुग्ध मिशन की घोषणा की गई है और जुब्बा सहनी मतस्य पालन सहायता योजना के तहत मछुआरों को 9000 रुपये की सहायता दी जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई कहानी लिखी है। उन्होंने कहा कि आज हर गांव तक बिजली पहुंच चुकी है, सड़कों का जाल बिछा है, हर घर जल योजना से लाखों परिवारों को फायदा मिला है। पहले बदहाली थी, वहां अब स्कूल, अस्पताल, सड़कें और रोजगार हैं। एनडीए ने जो बीज बोया, आज उसका फल बिहार के लोग खा रहे हैं। अब जो उजाड़ने वाले हैं वे फिर लौटना चाहते हैं, लेकिन बिहार उन्हें मौका नहीं देगा।
मोदी ने कहा कि महागठबंधन महामिलावट है- ऐसे दलों का समूह जिनका न तो विचार एक है, न ही विजन। उन्होंने कहा कि इनका एजेंडा है-सत्ता, हमारा एजेंडा है-सेवा. ये बिहार को फिर अंधेरे में ले जाना चाहते हैं, जबकि हम बिहार को विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ाना चाहते हैं। जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा, आपके वोट ने बिहार को बदहाली से निकाला है, अब फिर उसी को रोकना है जो खेत को उजाड़ चुका है।

