
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना नाम लिए तेजस्वी यादव और राजद पर जमकर हमला बोला है। रविवार में मुंगेर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये लोग खुद कमाने के चक्कर में लगा रहता है। अभी चुनाव हो जाने दीजिये, हमारे साथ कोई था जो गड़बड़ किया है, सबका जांच होगा। यही सब पता चला तो छोड़ दिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ये बातें हवेली खड़गपुर के खंडबिहारी बेसिक स्कूल स्थित मैदान में एनडीए उम्मीदवार राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं।



नीतीश कुमार ने कहा कि अब हम इधर-उधर नहीं जाएंगे, आपको बता दिए हैं। ये सब इधर-उधर करते हैं। जब हम इधर आ गए तो हमारी पार्टी के लोगों को रुपया देकर खरीदने के चक्कर में थे। सोच लीजिये, ये सब कैसा कैसा-कैसा धंधा करता है। हम आप लोगों के लिए काम करते हैं और ये लोग अपने लिए काम करते हैं। सभी की जांच होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बिहार के विकास के लिए काम करते हैं। वर्ष 2005 के नवंबर से जनता ने हमें मौका दिया। इसके पहले बिहार में क्या हाल था यह आप भली-भांति जानते हैं। उन्होंने लालू प्रसाद और परिवारवाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि खुद हटे तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बनवा दिया। ये लोग सिर्फ अपने परिवार के लिए काम करते हैं। लेकिन हम पूरे बिहार को अपना परिवार मानते हैं। हमने समाज के हर तबके के उत्थान के लिए कार्य किया है। इसे याद रखिएगा, भूलिएगा नहीं।

