
बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हुआ हंगामा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार समेत कई घायल; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में सोमवार को बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। जेएनयू प्रकरण को लेकर विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और मारपीट हुई। इस घटना में 10 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार और कांग्रेस के एक उपाध्यक्ष भी शामिल हैं। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
विरोध मार्च निकालकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार, भाजपा महानगर महिला मोर्चा की ओर से मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग को लेकर कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इसी के तहत सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे भाजपा कार्यकर्ता बिष्टुपुर के जी टाउन क्लब मैदान में एकत्र हुए। यहां से मार्च निकालते हुए वे कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पहुंचते ही भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी हुई। इसके बाद तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने के साथ पथराव भी हुआ। इस दौरान कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। तनाव को देखते हुए बिष्टुपुर क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल झड़प की शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, मारपीट करने और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
