
सिवान। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव में शुक्रवार देर शाम महावीरी जुलूस के दौरान बवाल हो गया। प्रशासन द्वारा जुलूस पर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस से भिड़ गए। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने एक सरकारी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया और पुलिस पर जमकर पथराव किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।



दरअसल, हथौड़ा गांव में हर साल की तरह इस साल भी महावीर मेला लगने वाला था। इसे देखते हुए जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने गुरुवार को इलाके का दौरा किया था। इलाका संवेदनशील होने के कारण उन्होंने मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए थे। साथ ही यह भी निर्देश दिया था कि मेले में एक बार में 5 से 7 लोग ही जा सकेंगे और उन्हें वापस भी लौटना होगा।
जिला प्रशासन के इसी फैसले से नाराज होकर शुक्रवार की देर शाम स्थानीय ग्रामीणों ने सिवान-आंदर मुख्य सड़क जाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की। लेकिन जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इससे ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद भीड़ ने एक सरकारी गाड़ी में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही एक दर्जन थानों की पुलिस, जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता और एसपी अमितेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया।

