
नई दिल्ली। महाराष्ट्र विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हरिभाऊ किसनराव बागड़े को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। हरिभाऊ आरएसएस से बीजेपी में आए। हरिभाउ किसनराव बागडे का जन्म 17 अगस्त 1945 को महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में हुआ था। वह फुलंबरी शहर में एक मराठा परिवार में जन्में और भारतीय राजनेता बने। उनकी पढ़ाई औरंगाबद के सरस्वती भवन शाला पिपरिराजा से हुई। वह महज कक्षा 10 तक पढ़े हैं।



हरिभाऊ का जन्म बहुत गरीबी में बीता। उनके पिता एक मामूली किसान हुआ करते थे। परिवार का हाथ बंटाने के लिए उन्होंने कई साल तक औरंगाबाद के फुलंबरी में ही घर-घर अखबार बेचे। उन्हें खेती-किसानी से इतना प्यार है कि उनके घर का नाम ही कृषि योग है।
हरिभाऊ किसनराव 13 साल की उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में शामिल हो गए थे। हरिभाऊ पहली बार 1985 में औरंगाबाद पूर्वी सीट से महाराष्ट्र विधानसभा के लिए बीजेपी से चुने गए। वह फुलंबरी विधानसभा सीट से पांच बार विधायक बने। फुलंबरी विधानसभा औरंगाबाद जिले में ही आती है। वह लोगों में इतने लोकप्रिय हैं कि उन्हें नाना के नाम से पुकारा जाता है।
हरिभाऊ ने फूलंबरी निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) के कल्याण काले के खिलाफ 2014 का विधायक चुनाव जीता था। 2019 का विधानसभा चुनाव भी उसी निर्वाचन क्षेत्र से जीते। जब बीजेपी ने ने 2014 में महाराष्ट्र में अपनी पहली सरकार बनाई तो तो उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वह महाराष्ट्र सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं।

