
मुंबई । अमेरिका-भारत ट्रेड डील के चलते भारतीय शेयर बाजार मंगलवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 2,072.67 अंक या 2.54 प्रतिशत की तेजी के साथ 83,739.13 और निफ्टी 639.15 अंक या 2.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,727.55 पर बंद हुआ। बाजार को ऊपर खींचने का काम रियल्टी और वित्तीय शेयरों ने किया। इसके चलते मुख्य सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी (4.79 प्रतिशत) और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (3.27 प्रतिशत) की तेजी के साथ टॉप गेनर्स थे। इसके साथ निफ्टी हेल्थकेयर (3.16 प्रतिशत), निफ्टी इन्फ्रा (3.03 प्रतिशत), निफ्टी फार्मा (3.02 प्रतिशत), निफ्टी एनर्जी (3.02 प्रतिशत), निफ्टी आॅटो (2.81 प्रतिशत) और निफ्टी मेटल (2.87 प्रतिशत) की तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स पैक में 30 में से 28 शेयर हरे निशान में बंद हुए। अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इंडिगो, पावर ग्रिड, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, ट्रेंट, इटरनल, एनटीपीसी, टाटा स्टील, एचडीएफीस बैंक और एमएंडएम टॉप गेनर्स थे। बीईएल और टेक महिंद्रा टॉप लूजर्स थे।



शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 467.09 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 455.03 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 12.06 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,639.50 अंक या 2.84 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,307.10 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 465.60 अंक या 2.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,988.95 पर था। सूचकांक की तेजी में सबसे अधिक योगदान रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा का रहा।

