
वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान के बाद अब मतगणना शुरू हो गई है। राष्ट्रपति पद की रेस के लिए रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की उनकी प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। अमेरिका भर में प्रारंभिक मतदान और डाक से मतदान पर नजर रखने वाले फ्लोरिडा विश्वविद्यालय के ‘इलेक्शन लैब’ के अनुसार, 7.8 करोड़ से अधिक अमेरिकी पहले ही अपने वोट डाल चुके हैं। सात अहम राज्यों में से पेंसिल्वेनिया सबसे महत्वपूर्ण राज्य बनकर उभरा है, जिसके पास 19 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हैं।



जनसंख्या के आधार पर राज्यों को इलेक्टोरल कॉलेज के वोट दिए जाते हैं। कुल 538 इलेक्टोरल कॉलेज वोट के लिए मतदान होता है। 270 या उससे अधिक इलेक्टोरल वोट पाने वाले उम्मीदवार को चुनाव में विजेता घोषित किया जाता है। अमेरिका में 50 राज्य हैं और उनमें से अधिकतर राज्य हर चुनाव में एक ही पार्टी को वोट देते रहे हैं, सिवाय ‘स्विंग’ राज्यों के।
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में एक बार फिर से वापसी कर ली है। न्यूयॉर्क टाइम्स के प्रोजेक्शन के अनुसार, कमला हैरिस 179 इलेक्टोरल वोट पर कब्जा जमा चुकी हैं। हालांक, वह अपने प्रतिद्वंद्वी रिपब्लिकन उम्मीदवार से अभी भी पीछे हैं, लेकिन अंतर कम हुआ है। डोनाल्ड ट्रंप ने 214 इलेक्टोरल वोटों पर कब्जा जमाया है। इसके पहले जब डोनाल्ड ट्रंप ने 200 का आंकड़ा पार किया था, तो वह 112 पर ही थीं। लेकिन कैलिफोर्निया में जीत के बाद उनकी संख्या तेजी से बढ़ी। कैलिफोर्निया में 54 इलेक्टोरल वोट हैं।
डोनाल्ड ट्रंप के जॉर्जिया और नॉर्थ कैरोलिना जीतने की पूरी संभावना है। अगर कमला हैरिस को राष्ट्रपति पद पर जीत हासिल करनी है तो उन्हें संभवतः पेंसिल्वेनिया, मिशिगन और विस्कॉन्सिन में जीत हासिल करनी होगी। हालांकि, ट्रंप को इन तीनों में बढ़त हासिल है। अमेरिकी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट की जरूरत होती है। न्यूयॉर्क टाइम्स के ताजा अपडेट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप 230 इलेक्टोरल वोट के साथ आगे हैं, जबकि हैरिस के पास 187 वोट हैं। अगर ट्रंप पेंसिल्वेनिया जीतते हैं तो उनके राष्ट्रपति बनने की पूरी संभावना होगी।
अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप बहुमत का आंकड़ा पार कर चुके हैं। WION की रिपोर्ट के अनुसार, ताजा रुझान डोनाल्ड ट्रंप को 308 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिलता दिखा रहे हैं। वहीं, कमला हैरिस अभी 150 भी नहीं पार कर पाई हैं। हैरिस को 139 वोट मिलते दिखाई दे रहे हैं। अमेरिका में राष्ट्रपति बनने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हासिल करना जरूरी है।
कोलोराडो में कमला हैरिस की जीत
सीएनएन ने कोलोराडो में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की जीत का अनुमान लगाया है। कोलोराडो में जीत के बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के हिस्से में 10 इलेक्टोरल वोटों का इजाफा होगा। अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने के लिए किसी भी उम्मीदवार को कम से कम 270 इलेक्टोरल वोटों की जरूरत होती है। 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में यहां से जो बाइडन ने जीत हासिल की थी। बाइडन राष्ट्रपति पद की रेस में भी जीते थे।
ओहायो में डोनाल्ड ट्रंप की लगातार तीसरी जीत
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ओहायो में भी जीत हासिल करने जा रहे हैं। सीएनएन ने अपनी रिपोर्ट में ये अनुमान लगाया है। ओहायो में जीत के बाद रिपब्लिकन उम्मीदवार के खाते में 17 इलेक्टोरल वोट जुड़ जाएगा। अमेरिका में राष्ट्रपति बनने के लिए किसी उम्मीदवार को 270 वोटों की जरूरत होती है।
मोंटाना की सीनेट सीट पर रिपब्लिकन का कब्जा
सीबीएस न्यूज ने अनुमान लगाया है कि रिपब्लिकन टिम शीही मोंटाना से सीनेटर बनने जा रहे हैं। वे डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन टेस्टर पर निर्णायक बढ़त हासिल कर चुके हैं। यह रिपब्लिकन के लिए रात में दूसरी बूस्टर डोज है। अगर रिपब्लिकन कोई सीट नहीं खोते हैं तो यह जीत उन्हें सीनेट में बहुमत दिलाएगी। इससे पहले रिपब्लिकन जिम जस्टिस ने वेस्ट वर्जीनिया में सीनेटर पद की रेस में जीत हासिल की थी। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के साथ ही सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव की सीटों पर भी चुनाव हो रहे हैं।
न्यूयॉर्क में डेमोक्रेटिक कमला हैरिस को जीत
सीएनएन के अनुमान के अनुसार, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की न्यूयॉर्क में जीत तय है। राष्ट्रपति पद की दौड़ में न्यूयॉर्क बहुत ही अहम है, क्योंकि यहां पर 28 इलेक्टोरल कॉलेज वोट हैं। अमेरिका का राष्ट्रपति चुनाव जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 270 इलेक्टोरल वोट हासिल करना जरूरी है। साल 2020 के चुनाव में न्यूयॉर्क पर जो बाइडन ने कब्जा किया और वह राष्ट्रपति चुनाव भी जीते थे। सीएनएन के ताजा अनुमान के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप 162 इलेक्टोरल कॉलेज वोट के साथ कमला हैरिस के 81 वोट से काफी आगे चल रहे हैं।
ट्रंप बन सकते हैं अमेरिका के राष्ट्रपति- न्यूयॉर्क टाइम्स
वॉइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप की वापसी हो सकती है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत का अनुमान लगाया है। NYT ने रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप की जीत की संभावना 66% बताई है। ताजा अपडेट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप को 178 इलेक्टोरल वोट मिलते दिख रहे हैं, जबकि डेमोक्रेटिक कमला हैरिस को अभी तक केवल 99 इलेक्टोरल वोट ही हासिल हुए हैं। अमेरिका में राष्ट्रपति बनने के लिए उम्मीदवार को 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट की जरूरत होती है।

