
गाजियाबाद/बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर हुई फायरिंग के मामले में शूटर रवींद्र और अरुण मुठभेड़ में मारे गए। दोनों की मुठभेड़ गाजियाबाद ट्रॉनिका सिटी में बुधवार की शाम यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की संयुक्त टीम के साथ हुई। दोनों शूटर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह के सक्रिय सदस्य थे। उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।



यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट के एसपी राजकुमार मिश्र ने बताया कि ट्राॅनिका सिटी एरिया में पुलिस टीमें चेकिंग कर रही थीं। पुलिस को देखकर बाइक सवार दाे युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। 15 मिनट तक दोनों तरफ से तकरीबन 30 राउंड फायरिंग हुई। फायरिंग में चार पुलिसकर्मी और दोनों युवक घायल हो गए। दोनों युवकों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रवींद्र हरियाणा के रोहतक के काहनी और अरुण सोनीपत के गोहाना रोड स्थित इंडियन कॉलोनी का निवासी था।
एसपी राजकुमार ने बताया कि बरेली में चौपुला के पास स्थित दिशा पाटनी के घर पर 12 सितंबर को तड़के बाइक सवार बदमाशों ने नौ राउंड फायरिंग की थी। हमले के बाद गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली थी। गिरोह ने इसे अभिनेत्री की बहन खुशबू पाटनी की ओर से कथावाचक प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य पर की गई टिप्पणी का बदला बताया था। ब्यूरो
सीसी कैमरों की फुटेज से मिले सुराग : एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि पुलिस ने सीसी कैमरों की फुटेज की जांच की। खुफिया जानकारी जुटाई और पड़ोसी राज्यों के रिकॉर्ड का मिलान किया। इससे गोली चलाने वाले शूटरों की पहचान हुई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक ग्लॉक और एक जिगाना पिस्तौल के साथ बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए।

