
रांची। शहर के सदर थाना क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी में एक वृद्ध महिला से सोने की चेन छीनकर अपराधी फरार हो गए। मामले को लेकर महिला के बेटे विकास विजय ने शनिवार को सदर थाना में एफआईआर दर्ज करवाया है।



बुजुर्ग महिला के पुत्र के जरिये दिए गये आवेदन के अनुसार, उनकी माता शनिवार बाजार से घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने सामने से आकर उनके गले से सोने की चेन झपट लिया और फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक बाइक पर सवार दो अपराधी काफी देर से विवेकानंद मोहल्ले में इधर-उधर घूम रहे थे। अपराधियों को देखकर यह पता चलता है कि वह काफी देर से बुजुर्ग महिला की रेकी कर रहे थे। जैसे ही महिला अपने कॉलोनी की तरफ आने लगी वैसे ही सामने से जाकर अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए ।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि दोनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे लेकिन एक अपराधी ने जब हेलमेट खोला था तब उसकी तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अपराधियों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में अपराधियों के बाइक का नंबर भी कैद हुआ है। उसकी जांच करने पर वह नंबर स्कूटी का निकला है।

