वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी संपत्ति का पहला सार्वजनिक वित्तीय विवरण जारी किया है। यह विवरण शुक्रवार को जारी किया गया। रॉयटर्स के अनुसार, इसमें उनके परिवार की क्रिप्टोकरेंसी में भागीदारी से हुई कमाई का भी खुलासा किया गया है। रॉयटर्स के मुताबिक ट्रंप की कुल संपत्ति यानी नेटवर्थ 1.6 बिलियन डॉलर (करीब 13,800 करोड़ रुपये) है।ट्रम्प ने वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल नामक एक क्रिप्टो कंपनी से टोकन की बिक्री से 57.35 मिलियन डॉलर (करीब 500 करोड़ रुपये) की आय बताई है। उन्होंने इस वेंचर से जुड़े 15.75 बिलियन गवर्नेंस टोकन के स्वामित्व का भी खुलासा किया है। यह विवरण 13 जून को हस्ताक्षरित किया गया था। इसमें यह नहीं बताया गया कि यह किस अवधि को कवर करता है। लेकिन, क्रिप्टोकरेंसी की जानकारी और रिपोर्ट में दी गई अन्य जानकारी के आधार पर, ऐसा लगता है कि इसमें दिसंबर 2024 के अंत तक की कमाई शामिल है। ये आंकड़े ट्रंप की कमाई के हैं, न कि खर्चों के बाद का नेट प्रॉफिट। मतलब, इसमें से अभी खर्चे निकालने बाकी हैं।

ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी, गोल्फ कोर्स, लाइसेंसिंग एग्रीमेंट, रियल एस्टेट और अन्य व्यवसायों से 600 मिलियन डॉलर से ज्यादा कमाए हैं। उनकी ज्यादातर संपत्ति ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप में निवेश की गई है। यह कंपनी उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल को चलाती है। फ्लोरिडा में उनके तीन गोल्फ रिसॉर्ट हैं। इनके नाम जुपिटर, डोराल और वेस्ट पाम बीच हैं। इसके अलावा मार-ए-लागो में उनका एक प्राइवेट क्लब भी है। इन सभी से कुल मिलाकर कम से कम 217.7 मिलियन डॉलर की इनकम हुई है। मियामी के पास ट्रंप का एक बड़ा गोल्फ रिसॉर्ट है। इसका नाम ट्रंप नेशनल डोराल है। यह अपने ब्लू मॉन्स्टर कोर्स के लिए जाना जाता है। यह ट्रंप परिवार के लिए सबसे बड़ा आय का स्रोत था, जिससे 110.4 मिलियन डॉलर की कमाई हुई।

भारत से भी हुई कमाई : ट्रंप ने इंडिया से भी कमाई की है। उन्हें वियतनाम में एक डेवलपमेंट से 5 मिलियन डॉलर की लाइसेंसिंग फीस मिली। भारत में एक प्रोजेक्ट से 10 मिलियन डॉलर की डेवलपमेंट फीस मिली। दुबई में एक प्रोजेक्ट को लाइसेंस देने से लगभग 16 मिलियन डॉलर मिले।

यहां से भी कमाया पैसा : ट्रंप ने ब्रांडेड सामानों से भी रॉयल्टी अर्जित की। उन्हें ‘ग्रीनवुड बाइबल’ से 1.3 मिलियन डॉलर मिले। इस बाइबल को ली ग्रीनवुड और ट्रंप द्वारा आधिकारिक तौर पर समर्थन प्राप्त एकमात्र बाइबल बताया गया है। ट्रंप घड़ियों से 2.8 मिलियन डॉलर और ट्रंप स्नीकर्स और परफ्यूम से 2.5 मिलियन डॉलर मिले।

ट्रंप की मीम कॉइन $TRUMP इस साल लॉन्च हुई थी। इससे लगभग 320 मिलियन डॉलर की फीस जनरेट हुई है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि यह राशि ट्रंप की ओर से नियंत्रित संस्थाओं और भागीदारों के बीच कैसे बांटी जाएगी। ट्रंप ने अपनी NFT डिजिटल ट्रेडिंग कार्ड से 1.16 मिलियन डॉलर की कमाई भी बताई। NFT मतलब नॉन-फंजिबल टोकन। यह एक तरह की डिजिटल संपत्ति होती है। ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप को अपने NFT कलेक्शन से करीब 216,700 डॉलर की लाइसेंसिंग फीस मिली।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version