
पटना। झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजद में घमासान शुरू। सोमवार को झारखंड से आए कार्यकर्ताओं ने पटना में लालू यादव के घर के बाहर प्रदर्शन किया। मांग की संजय सिंह यादव को अध्यक्ष पद से हटाया जाए।
झारखंड के राजद कार्यकर्ता पटना स्थित राबड़ी आवास पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। उनका आरोप है कि प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव पार्टी को समाप्त करने पर तुले हैं।



प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संजय सिंह यादव सिर्फ पलामू के नेताओं को पार्टी में तवज्जो दे रहे हैं। झारखंड के बाकी हिस्सों में उनकी कोई सक्रियता नहीं है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने 22 सीटों पर जीत की तैयारी कर रखी है, लेकिन जिस तरह के हालात प्रदेश अध्यक्ष ने बना रखें हैं, उसमें एक भी सीट जीतना मुश्किल है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वह लालू यादव से मिलकर अपनी बात रखेंगे। उनका कहना है कि अगर संजय सिंह यादव को हटाया जाता है तो झारखंड चुनाव में पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। कार्यकतार्ओं ने कहा, ‘हम लोगों ने 22 सीटों पर तैयारी कर रखी है। यह वह 22 सीट हैं, जो आरजेडी झारखंड के अंदर जीत सकती है, लेकिन जो हालात प्रदेश अध्यक्ष ने बनाए हैं, ऐसे में उनके नेतृत्व में अगर आरजेडी चुनाव लड़ती है तो एक भी सीट पार्टी नहीं जीतेगी।
