
कोरापुट/भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस विभाग ने शुक्रवार को जैपुर वन रेंज के डिप्टी रेंजर रामा चंद्र नेपाक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने उनके फ्लैट से 1.4 करोड़ नकद, चार सोने की ईंटें और प्रत्येक 10 ग्राम वजन वाले 16 सोने के सिक्के बरामद किए हैं। विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस), जैपुर द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर जैपुर और भुवनेश्वर में छह स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी में 6 डीएसपी, 5 इंस्पेक्टर, 9 एएसआई और अन्य स्टाफ की टीमें शामिल रहीं। विजिलेंस विभाग ने बयान जारी कर बताया कि जब्त की गई नकदी की गिनने के लिए काउंटिंग मशीनें मंगाई गई थी। वहीं जब्त सोने का वजन करने के लिए स्पेशल मशीन मंगवाई गई थी।



तहखाने में छुपाया था माल
सूत्रों के अनुसार, यह नकदी और कीमती धातुएं नेपाक के फ्लैट में एक विशेष रूप से बनाए गए छिपे हुए तहखाने में रखी गई थीं। इसे बेहद चालाकी से छुपाया गया था। जांच एजेंसियां अब इस संपत्ति के स्रोत की जांच कर रही हैं और उनके अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान जारी है। आगे की कार्रवाई में आय से अधिक संपत्ति, भ्रष्टाचार अधिनियम और अन्य कानूनी धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा सकता है।
फ्लैट नंबर 510 से मिला खजाना
इन 6 जगह की छापेंमारी में फ्लैट नंबर 510 से में कुबेर का खजाना मिला, जहां एक गुप्त स्थान से ₹1.4 करोड़ नकद बरामद हुए. इस कैश को छुपाकर रखा गया था जिसे टीम ने खोज निकाला. बाद में गिनती में बरामद नकदी बढ़कर ₹1.44 करोड़ हो गई।
सोने के बिस्किट और सिक्के भी बरामद
इसी फ्लैट नंबर 510 से 4 सोने के बिस्किट और 10-10 ग्राम के 16 सोने के सिक्के भी बरामद हुए हैं. इनका कुल वजन और मूल्यांकन अभी जारी है. विजिलेंस टीम इन बेशकीमती वस्तुओं की वैधता की भी जांच में जुटा हुई है।
जांच और पूछताछ जारी
डिप्टी रेंजर रामचंद्र नेपक पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है. उनकी वैतनिक आय की तुलना में बरामद संपत्ति कहीं अधिक पाई गई है. विजिलेंस विभाग बैंक खातों, संपत्ति दस्तावेजों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रहा है. उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की संभावना भी जताई जा रही है।

