
भारतीय इतिहास में 12 फरवरी 2025 का दिन एक विशेष स्थान बनाने जा रहा है। आज पहली बार राष्ट्रपति भवन में शहनाई की आवाज गूंजेगी। यह एक ऐतिहासिक घटना है, क्योंकि इस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की सुरक्षा में तैनात पूनम गुप्ता और सीआरपीएफ अधिकारी अवनीश सिंह शादी के बंधन में बंधेंगे। यह शादी देशभर में चर्चा का विषय बन गई है और यह दिन न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।



पूनम गुप्ता : सीआरपीएफ की महिला अधिकारी
पूनम गुप्ता वर्तमान में सीआरपीएफ की महिला असिस्टेंट कमांडेंट के रूप में कार्यरत हैं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की व्यक्तिगत सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की निवासी पूनम गुप्ता नवोदय विद्यालय में कार्यरत कार्यालय अधीक्षक रघुवीर गुप्ता की बेटी हैं। पूनम ने गणित और अंग्रेजी साहित्य में अपनी डिग्री हासिल की है और ग्वालियर विश्वविद्यालय से बी.एड किया है।
दूल्हा अवनीश सिंह : सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेट
पूनम गुप्ता के होने वाले पति अवनीश सिंह सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट हैं। दोनों का संबंध एक ही सुरक्षा बल से होने के कारण उनकी शादी सुरक्षा बलों के लिए भी विशेष महत्व रखती है। सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं देने के साथ-साथ अवनीश ने अपनी कड़ी मेहनत और पेशेवरिता से क्षेत्र में कई उपलब्धियां प्राप्त की हैं।
राष्ट्रपति भवन में शादी की अनुमति : एक ऐतिहासिक कदम
पूनम गुप्ता ने अपनी शादी राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा कॉम्प्लेक्स में करने की इच्छा जताई थी, जिसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्वीकार किया। राष्ट्रपति मुर्मु ने पूनम की कड़ी मेहनत, पेशागत व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए इस विशेष अनुरोध को स्वीकृति दी। यह अपने आप में एक ऐतिहासिक घटना है क्योंकि आजादी के बाद यह पहली बार है, जब राष्ट्रपति भवन में किसी की शादी हो रही है। राष्ट्रपति भवन में विवाह का यह अवसर न केवल पूनम और अवनीश के लिए, बल्कि पूरे सीआरपीएफ परिवार और सुरक्षा बलों के लिए गर्व का पल है।

