
नई दिल्ली। देश की पहली वंदे भारत मेट्रो सेवा फर्राटा भरने के लिए तैयार है। अहमदाबाद और भुज के बीच शुरू की जा रही इस नई सेवा को पीएम मोदी आज इसे हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रियों की सुविधा और यात्रा की मांग को ध्यान में रखकर शुरू होने जा रही वंदे भारत मेट्रो की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। यह मेट्रो सेवा कई सारी आधुनिक यात्रा अनुभवों से यात्रियों का मन मोह लेने के लिए तैयार है।
अहमदाबाद से भुज के लिए शुरू की जा रही इस वंदे भारत मेट्रो सुविधा से इस क्षेत्र में रोजगार और स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वंदे मेट्रो की आधारशिला देश में चलने वाली तमाम इंटरसिटी मेट्रो को फिर से परिभाषित करने के लिए रखी गई है। यह देश के अन्य शहरों में चलने वाली मेट्रो सेवाओं की ही तरह काम करेगी।



पश्चिमी रेलवे जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, स्वदेशी रूप से तैयार इस वंदे भारत मेट्रों में 12 एसी कोच है जो कि आॅटोमैटिक होंगे। इसमें स्लाइडिंग दरवाजे, मॉड्यूलर इंटीरियर और रोशनी के लिए एलईडी की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही वैक्यूम निकासी के लिए शौचालय और रूट मैप शामिल होगा। इसके अलावा तमाम सुविधाएं और शामिल होंगी। 12 कोचों वाली इस वंदे भारत मेट्रो में 1,150 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी।
यह होगा ट्रेन का रूट और शेड्यूल : वंदे भारत मेट्रों सुबह 5:50 बजे से भुज से अपनी यात्रा शुरू करेगी और उसी दिन सुबह 10:50 पर अहमदाबाद पहुंच जाएगी। यह मेट्रो ट्रेन रास्ते में 9 स्टेशनों पर दो-दो मिनट रुकते हुए अपनी यात्रा पूरी करेगी। उसके बाद अपनी वापसी की यात्रा के लिए यह अहमदाबाद से शाम 5:30 पर निकलेगी और रात को 11:10 पर भुज पहुंचेगी। इन दोनों स्टेशनों के बीच मे यह ट्रेन साबरमती, चंदोलिया, वीरमगाम, धांगध्रा,हलवद, समखियाली, भचाऊ,गांधीधाम,अंजार, स्टेशनों पर रुकेगी। यह मेट्रो सेवा रविवार के दिन भुज से बंद रहेगी, जबकि अहमदाबाद से यह शनिवार के दिन बंद रहेगी।

