
कोडरमा। पुलिस ने युवक -युवती का अश्लील वीडियो बनाकर भयादोहन करने के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपितों में बबलू यादव (30 ) पर छह मामले, राकेश कुमार उर्फ भखरू ( 25) पर आठ और अजीत कुमार (19) पर पांच मामले दर्ज हैं। तीनों तिलैया थाना अंतर्गत ग्राम मोरियावां कुरहा के रहने वाले हैं।



बुधवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित चंदवारा के पीयूस कुमार की ओर से तिलैया थाना में इस संबंध में आवेदन दिया गया था कि वे अपने महिला मित्र के साथ 18 दिसंबर को वृन्दाहा फॉल घूमने गये थे। घुमने के दौरान इनके पास चार व्यक्ति बबलू यादव, राकेश उर्फ भखरू यादव, अतीत यादव और सुरेश यादव आये, जो गाली गलौज करते हुए बंदूक का भय दिखाकर महिला मित्र के साथ अश्लील हरकत करवाये तथा उसका वीडियो बना लिये। उस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग किये। तब ये अपने दोस्त एवं रिश्तेदार से चार हजार 635 रुपए आॅनलाईन मंगवाये एवं उसके द्वारा उपलब्ध कराये गये स्कैनर जिसमें नाम दशरथ कुमार लिखा दिख रहा था, उसपर रुपए ट्रांसफर कर दिये, तब जाने दिया। घर पहुंचने पर पुन: उन अभियुक्तों ने धमकी दिया कि पांच हजार रुपए डालो नही तो वीडियो वायरल कर देंगे।
पीड़ित के आवेदन के आधार तिलैया थाना कांड 384/25 दर्ज किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कुल चार टीमों का गठन किया गया। उक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इसी बीच गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि इस घटना में संलिप्त रहे कुछ अपराधी गझंडी रोड में एक नवनिर्मित शेड के पास देखे गये हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर इस घटना में संलिप्त रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया । गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ के कम में अपना दोष स्वीकार किया एवं बताया कि वे अपने मोबाइल को तोड़कर फेंक दिये हैं। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी विनय कुमार, तिलैया थाना के देवेन्द्र उरांव और सशस्त्र बल, पैंथर जवान शामिल थे।

