कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले में शुक्रवार तड़के कांवड़ियों से भरी बस और ट्रक के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास हुई आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के रोतहट जिले से श्रद्धालुओं का जत्था देवघर और बासुकीनाथ में पूजा-अर्चना के बाद राजगीर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पोखरडीहा मोड़ के पास सफारी ट्रेवल्स की बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 12 वर्षीय शिवम कुमार भी शामिल है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

गंभीर घायलों को कोडरमा रेफर किया गया

हादसे में घायल श्रद्धालुओं को तत्काल सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। श्रावणी यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version