
जमशेदपुर। पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात की योजना बना रहे तीन अपराधियों को दबोचा। गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने उनके पास से हथियार, नकदी और चोरी के कई सामान जब्त किए हैं। गिरफ्तार अपराधी में एक कुख्यात अपराधी भी शामिल है, जिसे पुलिस लंबे समय से तलाश रही थी।



घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास की है, जहां कुछ युवकों के आपराधिक घटना की योजना बनाने की जानकारी सिटी एसपी कुमार शिव आशीष को मिली थी। सूचना मिलते ही एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिस दौरान सैय्यद अजहर इमाम, मोहम्मद असदुल्लाह और समीर खान को मौके पर ही पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के आभूषण और तीन हजार रुपये नकद बरामद हुए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सैय्यद अजहर इमाम एक कुख्यात और वांछित अपराधी है, जिसके खिलाफ 11 मामले दर्ज रहे हैं और पांच मामलों में पुलिस उसे खोज रही थी। गिरफ्तार तीनों आरोपितों को कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

