
रांची। रांची के बूटी मौजा के बसंत पाहन के साथ फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने का धमकी देने का मामला शनिवार को प्रकाश में आया है। इस संबंध में आदिवासी समाज के लोगों ने धमकी देने वाले आरोपित के खिलाफ सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। दिये गये लिखित आवेदन में बसंत ने लिखा है कि 21 जून को अज्ञात नंबर 7209692 से शाम सात बजे मिस्ड कॉल आया था। वह किसी ललन नामक व्यक्ति का था।



जब रिप्लाई दिया गया और उससे परिचय जानना चाहा तो वह बिना सोचे समझे गाली -गलौज करने लगा। उसकी पत्नी के ऊपर गलत आरोप लगाने लगा। इसके साथ ही परिवार को जान से मारने का धमकी दी। आरोपित ने कहा कि घर में घुसकर परिवार को जान से मार देंगे। बहुत बडा पाहन बनते हो। घटना को लेकर जय आदिवासी केंद्रीय परिषद के मुन्ना टोप्पो ने मांग की है कि आरोपित को तुरंत गिरफ्तार किया जाये। उन्होंने कहा कि पाहन आदिवासी समाज का धार्मिक गुरु होता है। इसे संरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। परिषद की उपाध्यक्ष मुन्नी पाहन ने कहा कि धार्मिक अगुवा के साथ गाली-गलौज किया गया है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
अपराधी को जल्द गिरफ्तार किया जाये,नहीं तो उग्र आंदोलन किया जायेगा। पाहन संघ के अध्यक्ष जगदीश पाहन ने कहा कि धार्मिक अगुवा के साथ गाली-गलौज करना समाज के ऊपर हमला है। इसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पाहन की सुरक्षा करना आदिवासी समाज के ऊपर है। मौके पर विजय कच्छप, रोहित पाहन,मुन्नी टोप्पो सहित अन्य उपस्थित थे।

